झारखंड : झारखंड को जल्द नेता प्रतिपक्ष मिल जायेगा. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है. भाजपा संसदीय बोर्ड ने झारखंड विधानसभा में भाजपा के विधायक दल के नेता के चयन के लिए 2 केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त कर दिये हैं. दोनों पर्यवेक्षक जल्द ही झारखंड आयेंगे और विधायकों से रायशुमारी करने के बाद विधायक दल के नेता का चयन करेंगे. पर्यवेक्षकों के नाम भूपेंद्र यादव और डॉ के लक्ष्मण हैं. भूपेंद्र यादव केंद्रीय वन, पर्यावरण मंत्री हैं. डॉ के लक्ष्मण ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं. वह सांसद भी हैं. राष्ट्रीय मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह ने बुधवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर यह जानकारी दी.
नवंबर-दिसंबर में झारखंड विधानसभा चुनाव हुए थे. इसमें भाजपा को 21 सीटों पर जीत मिली थी. झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) 34 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी थी. विपक्षी दलों में सबसे ज्यादा सीटें जीतने वाली भाजपा अब तक विधायक दल का नेता नहीं चुन पायी है. इसलिए झारखंड को नेता प्रतिपक्ष नहीं मिल पाया है. सत्ताधारी गठबंधन में शामिल पार्टियां लगातार इसके लिए बीजेपी पर तंज कसती हैं.